
‘Civil Services day’ पर देश के सभी सिविल सेवा अधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।
राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों में सिविल सेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासनिक तंत्र की रीढ़ के रूप में वे न केवल नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करते हैं, बल्कि सरकार और आम जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य भी करते हैं।
देश के दूरस्थ गांवों से लेकर बड़े शहरों तक, हर स्तर पर सिविल सेवा अधिकारी विकास, राहत, कानून व्यवस्था और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हैं। संकट के समय में उनकी तत्परता और सामान्य परिस्थितियों में उनकी निरंतर मेहनत, दोनों ही राष्ट्र के सुचारु संचालन के लिए अनिवार्य हैं।
संसदीय प्रणाली को समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने के उद्देश्य से जब युवा प्रशिक्षु अधिकारी संसद का भ्रमण करते हैं, तो उनके भीतर सेवा, जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना और अधिक सशक्त होती है। उनसे संवाद करना और उनके विचारों को जानना यह विश्वास दिलाता है कि देश का भविष्य सक्षम और समर्पित हाथों में है।
आशा है कि हमारे सिविल सेवक अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित की भावना के साथ करते हुए देश को प्रगति, सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।

Leave a Reply